गाजियाबाद। संजय नगर सेक्टर-23 स्थित भगवान शिव–परशुराम मंदिर में श्री परशुराम ब्राह्मण एकता मंच के तत्वावधान में भगवान परशुराम जन्मोत्सव बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों ने भाग लेकर आयोजन को सफल बनाया।
इस अवसर पर मंच के मुख्य संरक्षक डॉ. संजीव शर्मा, संस्थापक अध्यक्ष पं. हरीश शर्मा, महानगर अध्यक्ष सुभाष शर्मा तथा राष्ट्रीय कार्यकारिणी अध्यक्ष जे.के. गौड़ के नेतृत्व में एक विशाल एवं भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा का मार्ग में विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम के दौरान प्रदेश अध्यक्ष दिनेश शर्मा ने अतिथियों का पटका पहनाकर सम्मान किया। वहीं संरक्षक मनोज पंडित ने आयोजन की सराहना करते हुए शुभकामनाएं दीं। शहर के कई गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया।
इस आयोजन में प्रमुख रूप से जे.के. गौड़, डॉ. संजीव शर्मा, पं. हरीश शर्मा, रमेश चौधरी, देवी पंडित, दिनेश शर्मा, सुरेंद्र द्विवेदी, सुभाष शर्मा, गौरव शर्मा, अनिरुद्ध शर्मा, वीरेंद्र यादव, अभिषेक गर्ग, मनोज पंडित, प्रदीप गर्ग, विपिन गोयल शर्मा सहित कई सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य संरक्षक डॉ. संजीव शर्मा और संस्थापक अध्यक्ष पं. हरीश शर्मा ने सभी अतिथियों, सहयोगियों और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया।

