प्रीति शर्मा बुराड़ी पहुंचीं, दिव्यांग बच्चों के साथ बिताए भावुक पल

admin
3 Min Read

अंतर्राष्ट्रीय सुपर मॉडल प्रीति शर्मा पहुंचीं बुराड़ी, दिव्यांग बच्चों के साथ बिताए भावुक पल

दिल्ली, बुराड़ी। अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त सुपरमॉडल और दीप्ति फिल्म प्रोडक्शन हाउस की डायरेक्टर प्रीति शर्मा मुंबई से विशेष रूप से बुराड़ी स्थित दिव्यांग बच्चों के आश्रम पहुंचीं। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर-कुशीनगर की माटी से जुड़ी प्रीति शर्मा ने इस दौरान बच्चों के साथ आत्मीय मुलाकात की और उनके साथ भावुक पल बिताए।

प्रीति शर्मा के आश्रम पहुंचते ही बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। बच्चों ने फूलों की माला पहनाकर और पारंपरिक चुनरी ओढ़ाकर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। बच्चों के चेहरे पर खुशी और उत्साह साफ दिखाई दे रहा था। बच्चों के इस निश्छल प्रेम से प्रीति शर्मा भी भावविभोर हो गईं।

बच्चों से की व्यक्तिगत बातचीत

प्रीति शर्मा ने आश्रम में अपना समय केवल औपचारिक मुलाकात तक सीमित नहीं रखा। उन्होंने एक-एक बच्चे के पास बैठकर उनसे बातचीत की, उनकी दिनचर्या के बारे में जाना और उनके सपनों एवं संघर्षों को समझने का प्रयास किया।

उन्होंने बच्चों का हौसला बढ़ाते हुए संदेश दिया कि शारीरिक सीमाएं कभी भी सपनों की उड़ान को रोक नहीं सकतीं। उन्होंने बच्चों को आगे बढ़ने और अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित किया।

‘प्रीति दीदी ने हमें आगे बढ़ने की हिम्मत दी’

आश्रम की एक बच्ची ने भावुक होकर कहा, “जब हमारे बीच इतनी बड़ी हस्ती आईं और उन्होंने हमें गले से लगाया, तो हमें लगा कि पूरा समाज हमारे साथ है। प्रीति दीदी ने हमसे हमारे सपनों के बारे में पूछा और हमें आगे बढ़ने की हिम्मत दी।”

वहीं, अन्य बच्चियों ने कहा, “हमारे लिए आज का दिन किसी त्योहार से कम नहीं है। मुंबई से चलकर कोई खास हमारे लिए आया और हमारा हाल-चाल पूछा, इससे बड़ा हमारे लिए कोई उपहार नहीं हो सकता।”

मानवीय संवेदनाओं की मिसाल

अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर अपनी पहचान बनाने वाली प्रीति शर्मा का दिव्यांग बच्चों के बीच पहुंचना उनके मानवीय और सामाजिक सरोकारों को दर्शाता है। उनकी इस पहल की सराहना की जा रही है।

प्रीति शर्मा के इस दौरे ने बच्चों के बीच खुशी के साथ-साथ नई उम्मीद भी जगाई। उनकी इस मुलाकात ने यह संदेश दिया कि वास्तविक सुंदरता केवल चेहरे या रैंप पर नहीं, बल्कि जरूरतमंदों के साथ खड़े होने और उनके चेहरे पर मुस्कान लाने वाले दिल में होती है।

Share This Article
Leave a Comment