गोल्ड लोन अब आखिरी सहारा नहीं, बल्कि भारत की उत्पादकता का विश्वसनीय इंजन है

admin
6 Min Read

लंबे समय तक भारत की वित्तीय स्मृतियों में गोल्ड लोन को एक ऐसे कोने में रखा गया, उसकी छवि एक ऐसे साधन की बनी रही, जहाँ इसे सिर्फ़ संकट की घड़ी में, चुपचाप और अक्सर गैर-व्यवस्थित क्षेत्र से लेने वाला उत्पाद माना जाता था। लेकिन यह धारणा अब निर्णायक रूप से बदल रही है। आज, विशेषकर भारत के टियर-2 और टियर-3 शहरों में, गोल्ड लोन हाशिए से निकलकर मुख्यधारा में आ चुका है – एक ऐसा वित्तीय साधन बनकर, जिस पर लोग सबसे ज़्यादा भरोसा करते हैं और जो त्वरित, कुशल और उत्पादक अल्पकालिक ऋण का बेहतरीन विकल्प साबित हो रहा है।

बदलाव की यह कहानी न अचानक लिखी गई, न अनायास

यह बदलाव न तो आकस्मिक है और न ही कोई संयोग। इसके पीछे वर्षों से चल रही औपचारिकता, बेहतर ब्याज़ दरें, पारदर्शी प्रक्रियाएँ और यह समझ शामिल है कि सोना केवल भावनात्मक संपत्ति नहीं, बल्कि एक सशक्त आर्थिक संसाधन भी है। महामारी के बाद ‘भारत’ के घरों और छोटे कारोबारों ने जब अपनी वित्तीय आदतों को स्थिर किया, तब गोल्ड लोन का स्वरूप भी विकसित हुआ – यह आज अधिक विश्वसनीय, अनुमानित, अद्भुत रूप से लचीला और उल्लेखनीय रूप से फुर्तीला उत्पाद बनकर उभरा है।

 

अव्यवस्थित से व्यवस्थित क्षेत्र की ओर निर्णायक मोड़

सबसे बड़ा बदलाव यह दिखा है कि ग्राहक पारंपरिक, अनौपचारिक साहूकारों से हटकर अब सुव्यवस्थित एनबीएफसी और वित्तीय संस्थानों की ओर तेजी से बढ़ रहे हैं। आज का उपभोक्ता साफ़-सुथरे दस्तावेज़, समझ में आने वाली ब्याज़ संरचना, गिरवी रखे सोने की पूरी सुरक्षा और तुरंत राशि प्राप्त करने की सुविधा चाहता है – ऐसी अपेक्षाएँ जिन्हें अव्यवस्थित क्षेत्र पूरा ही नहीं कर सकता।

आईआईएफएल फाइनेंस जैसे संगठित ऋणदाता तकनीक-आधारित, सुरक्षित और शाखा-आधारित मॉडल तैयार कर चुके हैं, जो ग्राहकों को भरोसा देता है कि – उनका सोना और उनकी गरिमा – दोनों सुरक्षित हैं। यही कारण है कि गोल्ड लोन अब “समझौते का विकल्प” नहीं, बल्कि “विश्वसनीय वित्तीय उत्पाद” के रूप में स्थापित हो रहा है।

भारत की उत्पादक अर्थव्यवस्था का भरोसेमंद ईंधन

गोल्ड लोन के सबसे महत्त्वपूर्ण, लेकिन अब तक कम आंके गए पहलुओं में से एक है – उसका उपयोग। आज करीब 70% गोल्ड लोन उत्पादक गतिविधियों में लगाए जाते हैं, जो उस पुरानी धारणा से बिल्कुल अलग है कि यह केवल आपातकालीन ज़रूरतों के लिए लिया जाने वाला ऋण है।

हमारे विश्लेषण में साफ़ तस्वीर सामने आती है —

करीब 25–30% गोल्ड लोन कृषि से जुड़े होते हैं – बीजाई के समय किसानों की कार्यशील पूँजी की ज़रूरत पूरी करने के लिए।

लगभग 45% लोन देश के सूक्ष्म और छोटे उद्यमियों द्वारा लिए जाते हैं—व्यवसाय चलाए रखने, नया माल खरीदने, दुकान के नवीनीकरण या मौसमी नकदी प्रवाह संभालने जैसी ज़रूरतों के लिए।

ये आँकड़े एक बड़े बदलाव की ओर इशारा करते हैं कि गोल्ड लोन अब भारत की जमीनी उद्यमिता को मजबूती देने वाला प्रमुख वित्तीय स्तंभ बन चुका है। ग्रामीण इलाकों के डेयरी किसानों से लेकर टियर-2 शहरों के छोटे व्यापारियों तक – लोग सोने को सिर्फ़ संकट से उबरने का सहारा नहीं, बल्कि आय बढ़ाने के एक ज़िम्मेदार साधन के रूप में देखने लगे हैं।

 

एमएसएमई और स्व-रोज़गार क्षेत्र की ऋण-व्यवस्था का मज़बूत आधार

भारत का स्व-रोज़गार वर्ग – खासकर एमएसएम – अब भी समय पर, जमानत-आधारित औपचारिक ऋण प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करता है। ऐसे में गोल्ड लोन ने एक बेहद महत्त्वपूर्ण खाली जगह को भरते हुए एक सुगम और त्वरित समाधान प्रस्तुत किया है।

कम-से-कम दस्तावेज़, तत्काल स्वीकृति और लचीली अवधि के साथ, गोल्ड लोन उन उद्यमियों की पहली पसंद बन गए हैं जिन्हें जटिल काग़ज़ी प्रक्रियाओं से ज़्यादा गति और विश्वसनीयता चाहिए। यही कारण है कि एमएसएमई ऋण की धारा अब तेजी से सोना-समर्थित मॉडलों की ओर मुड़ रही है।

 

रोज़गार और स्थानीय विकास का नया पथ-प्रदर्शक (अनकहा प्रेरक)

गोल्ड लोन भले ही प्रत्यक्ष रूप से नहीं, लेकिन अप्रत्यक्ष रूप से आर्थिक गतिविधियों को तेजी देकर रोज़गार सृजन में भी अहम भूमिका निभा रहे हैं। हर वह छोटा व्यापारी जो नया स्टॉक भरता है, हर वह किसान जो अपनी फसल चक्र की लागत पूरी करता है, और हर वह स्व-रोज़गार से जुड़ा व्यक्ति जो कच्चा माल खरीदने या उपकरणों की मरम्मत के लिए गोल्ड लोन लेता है – इन सभी की गतिविधियाँ रोज़गार बनाती हैं या उसे टिकाए रखती हैं।

इसका समग्र आर्थिक असर काफी बड़ा है, लेकिन अभी भी पूरी तरह समझा या स्वीकार नहीं गया है।

गोल्ड लोन ने तय किया है लंबा सफ़र

‘आख़िरी सहारे’ से ‘पहली पसंद’ बनने तक का गोल्ड लोन का सफ़र भारत के क्रेडिट इकोसिस्टम की परिपक्वता का सूचक है। आज यह क्षेत्र मानकीकृत प्रक्रियाओं, मजबूत सुरक्षा तंत्र और ग्राहक-केंद्रित नवाचार – जैसे डोरस्टेप लोन, रियल-टाइम वैल्यूएशन और डिजिटल रिन्यूअल – से परिचालित है।

इस उद्योग में कई दशक बिताने के बाद मैं कह सकता हूँ कि गोल्ड लोन श्रेणी आज जितनी स्थिर, सम्मानित और प्रासंगिक है, उतनी पहले कभी नहीं रही।

गोल्ड लोन अब सिर्फ़ नकदी उपलब्ध कराने का साधन नहीं है। यह सशक्तिकरण का माध्यम है – जो ‘भारत’ के लाखों लोगों को तेज़ी, भरोसे और गरिमा के साथ देश की विकास यात्रा में भागीदारी का अवसर दे रहा है।

 

मनीष मयंक, प्रमुख – गोल्ड लोन व्यवसाय, आईआईएफएल फाइनेंस

Share This Article
Leave a Comment